Jaunpur News : पांच महीने तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद CISF इंस्पेक्टर विपिन निगम का निधन


जौनपुर। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के इंस्पेक्टर विपिन निगम (43) की गुरुवार को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। करीब पांच महीने तक चले उपचार के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर मिलते ही बरसठी क्षेत्र के घाटमपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार में कोहराम मच गया।

विपिन निगम गुजरात के अहमदाबाद में तैनात थे। वह 10 मई को छुट्टी लेकर घर आए थे। इसी दौरान जमालापुर के अटरियां के पास सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। वाराणसी में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई में भर्ती कराया गया। बाद में लखनऊ के मेदांता अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। परिजनों को उनके स्वस्थ होकर घर लौटने की उम्मीद थी, लेकिन गुरुवार को जिंदगी की जंग हार गए।

साथी को अंतिम सलामी देते समय नम हुईं जवानों की आंखें

इंस्पेक्टर के निधन पर सीआईएसएफ के अधिकारी और साथी जवान श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर अंतिम सलामी दी। वर्दी में अनुशासित पंक्ति में खड़े जवानों ने नम आंखों से अपने साथी को अंतिम विदाई दी।

पत्नी, बेटा और बेटी को छोड़ गए विपिन निगम

विपिन निगम अपने पीछे पत्नी सुमन निगम, 14 वर्षीय बेटे विशू और बेटी शानू को छोड़ गए हैं। पिता रत्ती निगम का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके बड़े भाई विनय निगम शिक्षक हैं, जबकि छोटे भाई रवि निगम लोक निर्माण विभाग में अभियंता हैं। शुक्रवार को घाटमपुर गांव से उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी ले जाया गया। उनके असमय निधन से गांव और पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने दिवंगत इंस्पेक्टर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534