Jaunpur News : शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे युवक की डंपर की चपेट में आने से मौत, चाचा घायल


डंपर को पुलिस ने कब्जे में लिया, चालक फरार

जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के शास्त्री ब्रिज पर मंगलवार सुबह डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके चाचा घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने डंपर को अपने कब्जे में ले लिया जबकि चालक मौके से फरार हो गया। आपको बता दें कि वाजिदपुर दक्षिणी, थाना लाइन बाजार निवासी सुधांशु शर्मा (28) पुत्र रतन शर्मा मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपने चाचा शरद कुमार शर्मा को बाइक पर बैठाकर उनकी बेटी की शादी का कार्ड बांटने खासनपुर मोहल्ले गए थे। कार्ड बांटकर दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान शास्त्री ब्रिज पर सामने से आ रहे डंपर की चपेट में आने से बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में ऑटो की व्यवस्था कर दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सुधांशु शर्मा को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके चाचा शरद कुमार शर्मा घायल हो गए।
बताया जाता है कि शरद कुमार शर्मा की बेटी की शादी आगामी 21 नवंबर को होनी थी। इसी शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर सुधांशु घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना की सूचना मिलते ही लाइन बाजार थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534