जौनपुर। श्रद्धा एवं भक्ति के रंग में ओत-प्रोत सरपतहां थाना परिसर में परम्परागत ढंग से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। प्रभारी निरीक्षक भैया शिव प्रसाद सिंह एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुधीर मिश्रा के संयोजकत्व में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में थाना परिसर कृष्ण भक्ति से सराबोर हो गया। परिसर के मुख्य द्वार पर मनमोहक भव्य झांकी सजायी गयी थी। भगवान इन्द्र की मधुर जल वर्षा के बाद भी सायंकाल से ही भजन-कीर्तन के आयोजन से वातावरण भक्तिमय हो गया। सागर की मधुर प्रस्तुति 'कभी राम बनके कभी श्याम बनके चले आना प्रभुजी चले आना' भक्ति गीत सुनकर उपस्थित भक्तजन भाव-विभोर हो गये। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को मूर्त रूप देने के लिये चौकी प्रभारी रामजी राम सैनी, उपनिरीक्षक रामायण यादव, अरूण राय, प्रद्युम्न यादव, राम विशाल, राम शब्द, प्रमोद सिंह, सुखराज समेत सभी आरक्षी भक्ति रस में लीन रहे। जन्मोत्सव पर जहां प्रभारी निरीक्षक भैया शिव प्रसाद सिंह ने सपत्नीक विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया, वहीं वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुधीर मिश्र ने श्रीकृष्ण की जयजयकार करके भक्ति रस का आनन्द लेते हुये लोगों में प्रेम आस्था एवं भक्ति का संचार कर दिया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के उपरान्त भारी संख्या में उपस्थित भक्तजनों ने प्रसाद ग्रहण किया।
Tags
Jaunpur