Jaunpur News : सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश


जौनपुर, 18 जुलाई 2026 (सू०वि०) - जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक श्री कुंवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में तहसील मड़ियाहूँ सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

      सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्राम चतुर्भुजपुर, विकास खंड बरसठी निवासी जगरनाथ द्वारा पथरगड्डी (मेड़बंदी) कराए जाने तथा ग्राम जैयरामपुर, गोपालापुर निवासी राजमन द्वारा राजस्व निरीक्षक के स्तर से पथरगड्डी न किए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। इस पर जिलाधिकारी ने प्रकरण नायब तहसीलदार मड़ियाहूँ को सौंपते हुए थाना प्रभारी मड़ियाहूँ के साथ संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

       इसी प्रकार ग्राम सुरेरी, परगना गोपालापुर, तहसील मड़ियाहूँ निवासी मकरन्द कुमार ने भूमि की पैमाइश कराए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार मड़ियाहूँ को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

        सम्पूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण, राजस्व तथा अन्य विभागों से संबंधित विभिन्न शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूर्ण पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए।

       उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व संबंधी मामलों में संयुक्त रूप से मौके पर जाकर जांच करें तथा विवादित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण किया जाए तथा न्यायालयों के आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराया जाए।

        पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का प्रभावी एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

      सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 180 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 06 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

        इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी श्रीमती मीनाक्षी देवी, परियोजना निदेशक श्री के.के. पांडेय, उपजिलाधिकारी मड़ियाहूँ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार मड़ियाहूँ सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534