जफराबाद : पुलिस ने चेयरमैन के बढ़ते दबाव के कारण महिला को किया हिरासत से मुक्त


  • महिला एवं उसकी पुत्री को पुलिस ने लिया था हिरासत में

जौनपुर। नगर पंचायत अध्यक्ष जफराबाद द्वारा एक विवादित मामले में हस्तक्षेप करने पर पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद महिला एवं उसकी पुत्री को छोड़ दिया जिसकी क्षेत्र में खूब चर्चा रही। बताया जाता हैं कि कस्बा जफराबाद के काजीअहमदनूर वार्ड के मोहल्ला लक्ष्मणटीला में रविवार की रात मीरा देवी पत्नी अनमोल निषाद तथा फिरोजा देवी पत्नी डल्लू निषाद जो आपस में देवरान-जेठान हैं में पारिवारिक मामले को लेकर आपसी विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर फिरोजा देवी ने 100 नम्बर की पुलिस तथा जफराबाद थाने पर सूचना पर दे दी। मौके पर पहुंची जफराबाद चौकी की पुलिस ने मीरा देवी की पुत्री पर दो-तीन लाठी जमाते हुए उसे एवं उसकी मां को थाने ले चलने के नाम पर वाहन में बैठा लिया। पुलिस कर्मी द्वारा मीरा देवी एवं उसकी पुत्री को हिरासत में लिये जाने की जानकारी जब चेयरमैन प्रमोद बरनवाल को हुई तो वे भी मौके पर पहुंच गये और रात के समय में बिना महिला पुलिस कर्मी के मीरा देवी एवं उसी पुत्री को हिरासत में लिये जाने का विरोध किया। पुलिस कर्मियों से उनकी नोक-झोक भी हुई। चेयरमैन से विवाद बढ़ता देख चौकी पुलिस कर्मियों ने महिला एवं उसकी पुत्री को वहीं पर हिरासत से मुक्त कर दिया। चेयरमैन प्रमोद बरनवाल ने कहा कि किसी भी गरीब महिला के साथ अन्याय नहीं होने दिया जायेगा। रात में बिना महिला पुलिस कर्मी के पुलिस द्वारा किसी भी महिला को हिरासत में लिया जाना उचित नहीं है। जरूरत पड़ी तो उक्त के सम्बन्ध में थानाध्यक्ष एवं पुलिस अधिकारियों से भी बात की जायेगी।


और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534