जौनपुर। प्रदेश के कद्दावर नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव की करीबी सपा नेत्री एवं पूर्व राज्यमंत्री संगीता यादव रविवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गयी। आनन—फानन में उनकी जेठान ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी मिलते ही हर कोई सन्न रह गया। फिलहाल डॉक्टरों की मानें तो वह 10 प्रतिशत ही जली हुई फिर भी बेहतर उपचार के लिए उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
बताते हैं कि संगीता का मायका मछलीशहर थाना क्षेत्र के कताहित गांव में है। वर्ष 2016 में इनकी शादी बड़े धूमधाम से बदलापुर थाना क्षेत्र के विठुआ कला निवासी दुर्गेश यादव पुत्र जयनाथ यादव से हुई। इस शादी में सपा नेता शिवपाल यादव समेत तमाम दिग्गज भी शामिल हुए थे। संगीता अपने पति के साथ लखनऊ में रहती हैं। तीन दिन पूर्व अपनी ससुराल विठुआ कला में आई थीं। बताया जाता है कि पति और पत्नी के बीच हमेशा विवाद रहता था। पारिवारिक विवाद को लेकर तीन दी पूर्व ससुराल में पंचायत भी हुई थी।
संगीता का आरोप है कि रविवार की रात वह कमरे में सो रही थीं तो उसे बुलाया गया। जबरदस्ती हाथ बांधने के बाद मिट्टी तेल छिड़कर आग लगा दिया। चीख पुकार सुनकर जेठानी दोड़कर नीचे से आई और अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में नेताओं का जमावड़ा लगा है। मामले में बदलापुर पुलिस ने कहा कि घटना की जानकारी के बाद तत्काल डायल 100 मौके पर पहुंची और पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया। जिसके बाद बेहतर उपचार के लिए उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। फिलहाल पीड़िता की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
Tags
Jaunpur