प्रबन्धक संजय सिंह ने 200 कम्बल गरीबों में वितरित किया
खुटहन, जौनपुर। पूर्व केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद ने रविवार को गजराज सिंह इण्टर कॉलेज, जमुनियां के संस्थापक स्व. तेज बहादुर सिंह 'डंडा' की प्रतिमा का अनावरण और सभा कक्ष का उद्घाटन किया। बतौर मुख्य अतिथि श्री स्वामी जी ने कहा कि स्व. सिंह का ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के विकास में अतुलनीय योगदान रहा। उन्होंने स्व. 'डंडा' को मिलनसार व्यक्तित्व का बताते हुए कहा कि उनका सभी राजनैतिक दलों से मधुर सम्बन्ध रहा है। वे शिक्षा के साथ—साथ ऊंची राजनैतिक पकड़ रखते थे। इसके बाद भी वे कभी पद की लालसा नहीं करते थे। उनका कृतित्व हम सभी के लिए सदैव अनुकरणीय रहेगा।
स्वामी जी ने आधुनिक शैक्षणिक व्यवस्था को कम्प्यूटर शिक्षा से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी स्मार्ट शिक्षा ग्रहण करके ही वर्तमान चुनौतियों का सामना करने में सक्षम हो पायेगी। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के मुद्दे कहा कि मंदिर का निर्माण संवैधानिक तरीके एवं बातचीत से होगा। उस दिशा में लगातार प्रयास किये जा रहे है। पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह ने स्व. 'डंडा' के साथ अपने बीते हुए बचपन के क्षणों को याद करते हुए विभिन्न संस्मरण सुनाए। टीडी कॉलेज प्रबन्धक अशोक सिंह ने स्व. डंडा को शैक्षिक, अनुशासन प्रिय और वित्तीय मामलो का भी बेत्ता बताया। मंचासीन विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री शैलेन्द्र यादव 'ललई', भाजपा नेता बब्बू सिंह, मनोज सिंह, टीडी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य राधेश्याम सिंह, पूर्व न्यायायिक मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, मुंबई के उद्योगपति व कांग्रेस नेता चित्रसेन सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ईश्वर देव सिंह आदि लोगों ने भी स्व. डंडा के कृतित्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन तथा माल्यार्पण के साथ शुरू हुआ। स्कूल की छात्रा सुप्रिया, अंजुम तथा रोशनी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्रबन्धक संजय सिंह ने इस अवसर पर 200 कम्बल गरीबो मे वितरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विख्यात कृषि वैज्ञानिक पूर्व कुलपति डॉ कीर्ति सिंह ने स्व. डंडा की शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियों को खूब सराहा। प्रधानाचार्य अतुल कुमार सिंह ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। संचालन देवेंद्र कुमार तिवारी ने किया। इस अवसर पर विकास सिंह, नीरज सिंह, क्षेमेन्द्र सिंह, रवि प्रकाश सिंह, राजन सिंह, राजीव सिंह, सुजीत सिंह, योगेश सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
Tags
Jaunpur