जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में युवा दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्वविद्यालय इकाई के संयोजन में राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका विषय पर सोमवार को इंजीनियरिंग के विश्वसरैया हाल में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
बतौर वक्ता अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के काशी प्रांत के संगठन मंत्री विजय प्रताप ने कहा कि जीवन में युवा अवस्था अनमोल है और इस अवस्था को सकारात्मक ऊर्जा के साथ देशहित में उपयोग करना चाहिए तभी राष्ट्र का निर्माण होगा।
उन्होंने कहा कि इसके लिए हमें अपनी संस्कृति पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मैकाले की शिक्षा पद्धति का मुख्य उद्देश्य हमारी संस्कृति को नष्ट करना था ऐसा करने में वह विफल रहा। इसका महत्वपूर्ण कारण हमारी एकजुटता और राष्ट्र के प्रति प्रेम था।
बतौर मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डा. राजाराम यादव ने कहा कि युवा वह है जो पत्थर पर अगर मन से पैर मार दे तो जलधारा निकल उठती है, युवा निर्माण को प्रेरित करते हुए उन्होने देशहित में सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विवेकानंद की शिकागो में जो उपलब्धि थी उसमें उनके गुरू रामकृष्ण परमहंस का विशेष योगदान था। जब गुरु और शिष्य के संबंध में प्रगाणता रहती है तब इस तरह का चमत्कार होता है। विद्यार्थी परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. अवधेन्दू प्रताप सिंह ने युवा और राष्ट्र निर्माण के संबंधो पर विस्तार से प्रकाश डाला।
डा. आशुतोष कुमार सिंह ने विद्यार्थी परिषद के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से बताया।
थिंक इंडिया के संयोजक नितिन चौहान ने कहा कि अज़ाद ख्यालात का देशहित में चिन्तनशील युवा ही असली राष्ट्र की धरोहर है, और राष्ट्र कितना प्रगति करेगा यह उस राष्ट्र की युवा शक्ति पर निर्भर करता है।
इकाई अध्यक्ष सुमित सिंह ने कहा कि युवा देश की वह ऊर्जा है जो देश के निर्माण में और देश की सुरक्षा में सदैव अपने आप को समर्पित करता है, नगर मंत्री आर्यन सिंह ने युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि शिक्षा के साथ साथ स्वयं की ऊर्जा की समीक्षा भी बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दिग्विजय सिंह ने की और संचालन अंकित यादव व् उद्देश्य सिंह ने किया इस अवसर पर प्रो. अविनाश पाथीर्डेकर, प्रो. बी. डी शर्मा, डा. सुनील कुमार, डा. राजकुमार, संगठन मंत्री धीरेंद्रजी, प्रद्युमन त्रिपाठी, धीरज चौरसिया, आयुष दुबे, मोनू शर्मा, राजदीप सिंह, सिद्धार्थ सिंह टोनी, अंकित यादव, अंकित सिंह, बिकास ओझा, ऋषिकेश श्रीवास्तव शैंकी, अभिनव सिंह, सुधांशु मिश्रा, अदि उपस्थित रहे।