नया सबेरा नेटवर्क
मुंबई : महानगर की अग्रणी सामाजिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक संस्था "परोपकार" ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण हेतु इक्कीस लाख रूपए का योगदान दिया है। संस्था के अध्यक्ष शंकर केजरीवाल ने बताया कि भगवान श्रीराम इस देश के मन के प्राण हैं। उनकी जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण हो, यह सभी देशवासियों का सपना था। सदियों के अथक प्रयासों के पश्चात अयोध्या की पावन भूमि पर मंदिर निर्माण का कार्यारंभ हुआ है। यह मंदिर पूरे विश्व में अपनी तरह का अनूठा मंदिर होगा, तथा पूरे विश्व से पर्यटक हमारे देश की इस अनुपम कृति का दर्शन करने आएंगे। केजरीवाल ने आगे बताया कि उनकी संस्था "परोपकार" सदैव ही सामाजिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक हित के कार्यों तथा राष्ट्रीय आपदाओं के समय दिल खोलकर योगदान करती रही है। देश की संस्कृति एवं कीर्ति को उच्चता प्रदान करने योग्य मंदिर निर्माण हेतु संस्था ने अपनी परंपरा के अनुरूप 21 लाख रुपए की सहयोग राशि प्रदान की है, एवं आशा व्यक्त की है कि भारतवर्ष के जन-जन के हृदय में बसे प्रभु श्रीराम के जन्म-स्थान पर भव्यातिभव्य मंदिर का शीघ्र निर्माण होगा, जिससे हमारी दिव्य संस्कृति की कीर्ति पताका पूरे विश्व में लहराएगी।
from Naya Sabera | नया सबेरा - No.1 Hindi News Portal Of Jaunpur (U.P.) https://ift.tt/3nSmhi6
Tags
recent