राकेश शर्मा @ खेतासराय, जौनपुर। विकास खण्ड शाहगंज स्थित सोंधी सभागार में क्षेत्र पंचायत की अंतिम बैठक सकुशल सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख मंजू सिंह ने किया। इस दौरान क्षेत्र के समग्र विकास, विभिन्न योजनाओं की प्रगति तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) पीयूष त्रिपाठी ने बताया कि पूर्व में स्वीकृत 124 विकास कार्यों में से 87 कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने का आश्वासन देते हुए उन्होंने समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। साथ ही जनहित से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये।
इस दौरान स्वास्थ्य एवं टीकाकरण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, पेयजल, पशुपालन, पेंशन, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। क्षेत्र पंचायत की इस अंतिम बैठक में लगभग पाँच करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों के प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।बैठक को भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय सिंह विद्यार्थी, मंडल अध्यक्ष अजय कुमार, डॉ. सूरत बिंद सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। अंत में ब्लॉक प्रमुख मंजू सिंह ने कहा कि उनका कार्यकाल लगभग पूरा होने को है और यह पाँच वर्ष कैसे बीत गए, पता ही नहीं चला। क्षेत्र पंचायत एक परिवार की तरह रही है और सभी जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ही विकास कार्य संभव हो सके। उन्होंने सभी के सहयोग और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रधान संघ अध्यक्ष अशोक यादव, अज़ीम सिद्दीकी, प्रधान महेंद्र, हरिश्याम प्रजापति, नीरज सिंह, बाबा सिंह, प्रधान संदीप, मंडल अध्यक्ष उपेंद्रनाथ मिश्रा, सिराज अहमद, राजकुमार बिंद सहित तमाम लोग उपस्थित रहे। अन्त में ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि अजय सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन कमलाकांत मौर्य ने किया।
Tags
Jaunpur
Jaunpur crime
Jaunpur crime news
Jaunpur ki news
Jaunpur latest news
jaunpur news
Jaunpur News in Hindi
Jaunpur news live
Jaunpur news today
Jaunpur news today live
today jaunpur news