विरेन्द्र यादव @ सरायख्वाजा, जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के महंत अवैद्यनाथ संगोष्ठी भवन में शुक्रवार को कुलपति प्रो. वंदना सिंह की अध्यक्षता में मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) की समीक्षा कार्यक्रम की गई। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय से सम्बद्ध सभी राजकीय, अशासकीय एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में मतदाता साक्षरता क्लब को सक्रिय किये जाने तथा पात्र छात्र-छात्राओं को मतदाता के रूप में पंजीकृत कराने के निर्देश दिये गये। कार्यक्रम का स्वागत भाषण परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद सिंह ने प्रस्तुत किया।
इस मौके पर कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने सभी प्राचार्यों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक महाविद्यालय में निर्वाचन साक्षरता क्लब का गठन कर उसे निरंतर सक्रिय रखा जाए। उन्होंने कहा कि मतदान और मतदाता लोकतंत्र की रीढ़ हैं तथा लोकतंत्र की सशक्तता के लिए सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। आगामी चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।मुख्य वक्ता एवं जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर सै. मो. मुस्तफा ने निर्वाचन साक्षरता क्लब की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि ईएलसी का उद्देश्य युवा छात्र-छात्राओं को उनके चुनावी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा पंजीकरण और मतदान की प्रक्रिया से परिचित कराना है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक कक्षा में कैंपस एंबेसडर की नियुक्ति की जाए तथा प्रत्येक कॉलेज से एक स्वीप नोडल अधिकारी एवं एक-एक बालक व बालिका कैंपस एंबेसडर नामित कर उनकी सूची विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराई जाय।
उन्होंने यह भी बताया कि जो छात्र-छात्राएं 1 जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, वे प्रारूप-6 के माध्यम से अपना नाम निर्वाचक नामावली में जुड़वा सकते हैं। आवेदन संबंधित बीएलओ को प्रस्तुत किया जा सकता है अथवा ECINET ऐप डाउनलोड कर ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। सभी महाविद्यालयों में मतदाता हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश भी दिये गये।
विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारी डॉ. दीपक मौर्य ने कार्यक्रम की रूप—रेखा प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों के प्रति आभार ज्ञापित किया। अंत में कुलपति ने उपस्थित सभी लोगों को मतदाता शपथ दिलाई। मंच संचालन उत्कर्ष त्रिपाठी एवं श्रद्धा श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी लाल बहादुर, प्रो. मिथिलेश सिंह, डॉ. रसिकेश सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
Tags
Jaunpur
Jaunpur crime
Jaunpur crime news
Jaunpur ki news
Jaunpur latest news
jaunpur news
Jaunpur News in Hindi
Jaunpur news live
Jaunpur news today
Jaunpur news today live
recent
today jaunpur news