अतुल जायसवाल @ रामपुर, जौनपुर। कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषि जागरूकता कार्यक्रम योजनान्तर्गत स्थानीय विकास खंड सभागार में सोमवार को किसान गोष्ठी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रांतीय परिषद सदस्य भारतीय जनता पार्टी के प्यारे लाल बिन्द रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक विकास अधिकारी (कृषि) धर्मेंद्र सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. शिवानंद मौर्य, नंद किशोर (वरिष्ठ तकनीकी सहायक) एवं FPO से सुभाश्री उपस्थित रहीं।
कृषि विशेषज्ञ जय प्रकाश गुप्ता ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि पर्यावरण, जल, मिट्टी और जन-जीवन को बचाना है तो परंपरागत जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर लौटना होगा। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर जीवामृत व घन जीवामृत तथा कीटनाशकों के स्थान पर ट्राइकोडर्मा, बवेरिया, बैस्सियाना एवं हर्बल अर्क के प्रयोग पर बल दिया। इससे समाज में बढ़ रही गंभीर बीमारियों, यहां तक कि कैंसर जैसे रोगों से भी बचाव संभव है।तकनीकी सहायक जिलाजीत यादव ने फसलों के समुचित विकास हेतु आवश्यक जैविक पोषक तत्व तैयार करने की विधियां विस्तार से बताईं। वहीं विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. शिवानंद मौर्य ने खेती के साथ पशुपालन व मुर्गी पालन को आय बढ़ाने का प्रभावी साधन बताया। नंद किशोर ने अपने शायराना अंदाज में मिट्टी व जल संरक्षण, खेत तालाब योजना एवं जल जीवन योजना की जानकारी दी।
बैंक प्रतिनिधि दिनेश कुमार ने किसानों को केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) लोन के बारे में जागरूक किया। कृषि विज्ञान केंद्र अमहट के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अमित सिंह ने बताया कि खेती के साथ बकरी पालन, सूअर पालन को अपनाकर एन.एल.एम. योजना के अंतर्गत 50 प्रतिशत अनुदान पर बड़े पैमाने पर पशुपालन कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत की जा सकती है। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. दिनेश सोनकर ने कृषि रक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
FPO सुभाश्री ने सहजन (मोरिंगा) पाउडर की उपयोगिता बताते हुए कहा कि महिलाएं पापड़, नमकीन एवं श्री अन्न से बने उत्पाद तैयार कर बाजार में बेचकर अच्छा मुनाफा कमा सकती हैं। इस अवसर पर विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. गुरु प्रसाद मौर्य, शिवशंकर सिंह पटेल, एडीओ कृषि रक्षा मिंटू प्रजापति, तकनीकी सहायक जोखन राम, अनिल वर्मा, बीटीएम बलविंदर सिंह, सचिन जी, जय प्रकाश, विष्णु पांडेय सहित अनेक प्रगतिशील कृषक— प्यारे लाल पटेल, चंद्रदेव सिंह, रोशन मिश्रा, श्याम राज पटेल, अंकित पटेल, दशरथ यादव, तेज बहादुर, रजत सिंह, श्यामधर यादव, बुद्धू यादव, विजय कुमार, महिला किसान प्रमिला, आशा देवी, चंचल प्रजापत, पूजा, मंजू, प्रीति आदि उपस्थित रहीं। गोष्ठी के माध्यम से किसानों को जैविक खेती, पशुपालन, सरकारी योजनाओं एवं स्वरोजगार के अवसरों की समग्र जानकारी मिली।
Tags
Jaunpur
Jaunpur crime
Jaunpur crime news
Jaunpur ki news
Jaunpur latest news
jaunpur news
Jaunpur News in Hindi
Jaunpur news live
Jaunpur news today
Jaunpur news today live
today jaunpur news