Jaunpur : ​ट्रैक्टर की चपेट में आया मासूम: मौके पर हुई दर्दनाक मौत, चालक हिरासत में

पंकज बिन्द @ महाराजगंज, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के पड़ाव बाजार में रविवार सुबह एक सड़क हादसे में दो वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मासूम कुचल गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक बच्चे की पहचान रवि मोदनवाल के दो वर्षीय पुत्र अभी के रूप में हुई है। रवि मोदनवाल महराजगंज मेन रोड पर शनी फैमिली रेस्टोरेंट एंड बेकरी नाम से मिठाई की दुकान चलाते हैं। रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे अभी का चाचा उसे बगल की दुकान से कुरकुरे दिलाकर घर छोड़ आया था। कुछ ही देर बाद बच्चा सड़क किनारे आ गया।
इसी दौरान सुजानगंज की ओर से गिट्टी, सरिया और सीमेंट लादकर आ रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मासूम अभी को अपनी चपेट में ले लिया। बच्चा ट्रॉली के नीचे बुरी तरह कुचल गया। आस—पास मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चे को बाहर निकाला और परिजन उसे आनन-फानन में बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गये। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने अभी को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष तरुण श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए ट्रैक्टर चालक की पहचान मजीठी निवासी हरिगेन बिंद के रूप में हुई है। पुलिस उसे ट्रैक्टर सहित थाने ले गई है। इस बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष तरुण श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों से तहरीर मिलने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई की जायेगी।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534