Jaunpur : ​युग्मन कार्यक्रम में छात्रों का हुआ प्रेरणादायक शैक्षिक भ्रमण

सोनू गुप्ता ‍@ रामपुर, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के रायपुर स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय जमालापुर के कक्षा 6, 7 एवं 8 के छात्र-छात्राओं द्वारा एमिनेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल का शैक्षिक भ्रमण किया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों एवं अनुशासित शैक्षिक वातावरण से रूबरू कराना था।
विद्यालय पहुंचने पर एमिनेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल के प्रबंधक वीरेन्द्र गुप्ता ने सभी छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। उन्होंने बच्चों को लड्डू खिलाकर स्वागत किया जिससे बच्चों में विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली। इसके उपरांत विद्यालय प्रबंधन द्वारा बच्चों को स्कूल परिसर का भ्रमण कराया गया। इस दौरान कक्षाओं, शिक्षण संसाधनों, अनुशासन व्यवस्था तथा अन्य शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी दी गई।
भ्रमण के समय बच्चों ने विद्यालय की पढ़ाई व्यवस्था को नजदीक से देखा और नई-नई जानकारियां प्राप्त कीं। विद्यार्थियों ने शिक्षकों से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासा भी प्रकट किया। शिक्षकों ने बताया कि इस तरह के युग्मन कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं तथा उनमें सीखने की रुचि और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।
विद्यालय भ्रमण के पश्चात् एमिनेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल की ओर से सभी छात्र-छात्राओं को कापी, पेंसिल, स्केल, रबर एवं कटर भेंट स्वरूप प्रदान किए गए। इस सहयोगात्मक पहल से बच्चों के चेहरे खिल उठे। अंत में पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय जमालापुर के शिक्षकों ने विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया और सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ विदा किया। यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं यादगार साबित हुआ।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534