Jaunpur : जनपदस्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ समापन

जौनपुर। पीएम श्री योजना के अन्तर्गत चयनित विद्यालयों हेतु जनपद स्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नगर के शाहगंज पड़ाव पर स्थित एक कालेज के खेल मैदान पर हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र ने दीप प्रज्वलित करते हुये मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार "हमारा आंगन, हमारे बच्चे" कार्यक्रम किया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बेसिक शिक्षा परिवार के बच्चों को कायाकल्प के माध्यम से बेहतर शैक्षिक वातावरण देने का प्रयास किया जा रहा है जिससे बच्चों में ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हो। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ० गोरखनाथ पटेल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनपद में निपुण कार्यक्रम के अंतर्गत सराहनीय कार्य किया गया है। बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु कार्य कर रहे सभी शिक्षकों के कार्यों की भी प्रशंसा की गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से "ऑपरेशन सिंदूर" की प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों की विशेष सराहना की गई। कार्यक्रम में पीएम श्री योजना के अन्तर्गत चयनित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। साथ ही समूह नृत्य, देशभक्ति गीत, नाटक सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ० गोरखनाथ पटेल ने उपस्थित गणमान्य का स्वागत करते हुए कहा कि "हमारा आंगन-हमारे बच्चे" कार्यक्रम का उद्देश्य बुनियादी शिक्षा को सुदृढ़ करना, अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाना तथा विद्यालयों को सशक्त शैक्षिक केंद्र के रूप में विकसित करना है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता सुधार, निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति तथा खेल एवं संस्कृति के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया।
पी0एम0श्री खेलकूद प्रतियोगिता में प्राथमिक स्तर बालक वर्ग 100 मीटर की दौड़ में आर्यन पी0एम0 श्री विद्यालय असवा से, उच्च प्राथमिक स्तर 100 मीटर दौड़ में निकेश राज पी0एम0 श्री विद्यालय नूरपुर, बालिका वर्ग 100 मीटर दौड़ में शिवांगी पी0एम0 श्री विद्यालय कोठवार, बालक वर्ग कबड्डी में मडियाहूं तहसील प्रथम स्थान, गायन में पी0एम0 श्री मयदीपुर प्रथम स्थान तथा सामूहिक नृत्य प्रदर्शन पी0एम0 श्री नूरपुर ने प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन नूपुर श्रीवास्तव ने किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) विशाल कुमार, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी आलोक गुप्ता सहित समस्त शिक्षा विभाग के अधिकारियों, डायट प्रवक्ताओं, एसआरजी टीम एवं शिक्षकगण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह आयोजन जनपद में शिक्षा, खेल और संस्कृति के समन्वित विकास की दिशा में एक सफल एवं प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534