जौनपुर। चंडीगढ़ के सेक्टर-7 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 5वें खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स में जौनपुर के मास्टर एथलीट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश की झोली में 10 पदक डाले। सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों की यह उपलब्धि जिले के खेल परिदृश्य के लिए बड़ी प्रेरणा मानी जा रही है। एथलेटिक्स स्पर्धाओं में बरसठी विकासखंड के बनकट गांव के अजित यादव ने लंबी कूद में रजत पदक जीतकर अपनी छाप छोड़ी। वहीं मछलीशहर के सराय यूसुफ गांव के संतोष कुमार ने जेवलिन थ्रो में रजत जबकि डिस्कस थ्रो और ट्रिपल जंप में कांस्य पदक हासिल कर बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सुजानगंज के बरहता गांव निवासी कमलेश यादव ने 30 प्लस आयु वर्ग में शानदार खेल दिखाते हुए जेवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा 200 मीटर दौड़ और गोला फेंक में कांस्य पदक भी अपने नाम किया। करंजाकला विकास खंड के धर्मेश कुमार ने 35 प्लस आयु वर्ग में लंबी कूद में रजत और गोला फेंक में कांस्य पदक जीतकर टीम को मजबूती दी।साथ ही 4×100 मीटर रिले रेस में भी उत्तर प्रदेश को कांस्य पदक दिलाने में जौनपुर के खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। देश के 21 राज्यों से 700 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ियों की भागीदारी वाले इस आयोजन में जौनपुर के खिलाड़ियों का प्रदर्शन खासा सराहनीय रहा। खिलाड़ियों की इस सफलता पर मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन जौनपुर के अध्यक्ष जिलाजीत यादव सहित ओंकार यादव, विनय कुमार, विजय श्याम यादव, डॉ. हेमंत, सिकंदर बहादुर मौर्य, प्रकाश चंद्र, जितेंद्र कुमार, संतोष कुमार और राज बहादुर ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को शुभकामना दिया।
Tags
#recent
Jaunpur
Jaunpur crime
Jaunpur crime news
Jaunpur ki news
Jaunpur latest news
jaunpur news
Jaunpur News in Hindi
Jaunpur news today live
recent
today jaunpur news