जौनपुर। देश में लगातार बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि तथा गैस की किल्लत के विरोध में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राम रतन विश्वकर्मा ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 60 और कमर्शियल सिलेंडर में 120 की बढ़ोतरी गरीब और मध्यम वर्ग पर सीधा हमला है। जिला उपाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि देश में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से आयात की जाती है और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है।महिला प्रकोष्ठ की जिला उपाध्यक्ष वंदना मिश्रा ने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि का सबसे अधिक असर देश की महिलाओं और गृहिणियों पर पड़ रहा है। आज गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए रसोई चलाना कठिन हो गया है। आप नेताओं ने आरोप लगाया कि गैस और ऊर्जा क्षेत्र में निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों के कारण गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है जिससे आम नागरिकों के साथ छोटे और मध्यम उद्योगों पर भी गम्भीर आर्थिक दबाव पड़ रहा है और बेरोजगारी बढ़ रही है।
पार्टीजनों ने राष्ट्रपति के नाम दिये गये ज्ञापन के माध्यम से मांग किया कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में की गई वृद्धि तत्काल वापस ली जाय। पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू की जाय। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाय तथा बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिये केंद्र सरकार ठोस और जवाबदेह नीति घोषित करे। साथ ही चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने बढ़ती महंगाई और गैस की कीमतों के मुद्दे पर जल्द प्रभावी कदम नहीं उठायी तो पार्टी देश भर में जन आंदोलन को और तेज करने के लिये बाध्य होगी।
इस अवसर पर विजय सिंह बागी, वन्दना मिश्रा, श्वेता चौधरी, अमित विश्वकर्मा, कमलेश भारती, नन्द लाल प्रधान, सुभाष गौतम, दिनेश प्रधान, सुशीला देवी, पूनम, विकास चन्द्र यादव, भैया लाल, हितेश उपाध्याय, आनंद यादव, विनोद कुमार, पप्पू लाल बिन्द, राजकुमार कनौजिया, विद्याधर मिश्र, संजय पाल, मनोज, आशुतोष मौर्य, अमरपाल यादव, राजू विश्वकर्मा, राजेश यादव सहित तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Tags
#recent
Jaunpur
Jaunpur crime
Jaunpur crime news
Jaunpur ki news
Jaunpur latest news
jaunpur news
Jaunpur News in Hindi
Jaunpur news live
Jaunpur news today
Jaunpur news today live
recent
today jaunpur news