Jaunpur : ​ ​जौनपुर के सीए राजेश राज गुप्ता ने जनपद का बढ़ाया मान

जौनपुर। जनपद के वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) राजेश राज गुप्ता को कानपुर में स्थित चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय एमएसएमई कॉन्क्लेव के अंतिम दिन सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र में वित्तीय सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिये श्री गुप्ता को 'वरिष्ठ उद्यमी सम्मान' से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें वित्तीय परामर्श, उद्यमिता विकास तथा समाजसेवा के क्षेत्र में किये गये उल्लेखनीय कार्यों हेतु प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करके गृह जनपद लौटे वरिष्ठ समाजसेवी श्री गुप्ता ने बताया कि उक्त कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग) राकेश सचान रहे जिन्होंने उन्हें सम्मानित किया। साथ ही मंच पर रोहित आनन्द अपर आयुक्त उद्योग, प्रो. के. विजेंद्र पांडियन कुलपति, रेनू सिंह कुलसचिव एवं अपर आयुक्त प्रशासन, प्रो. डॉ. विवेक त्रिपाठी, प्रो. डॉ. कौशल कुमार, राम नवल चौहान सहायक प्रबंधक उद्योग जौनपुर सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
उपरोक्त सम्मान से जौनपुर का मान बढ़ाने वाले सीए श्री गुप्ता ने बताया कि उक्त कार्यक्रम में प्रदेश भर से आये उद्यमियों, विशेषज्ञों एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों की सक्रिय भागीदारी रही। वहीं वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान उद्यमियों को आगे बढ़ने तथा समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं। सम्मान प्राप्त करने के उपरांत राजेश राज गुप्ता ने उत्तर प्रदेश सरकार एवं आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि वे भविष्य में भी एमएसएमई क्षेत्र के विकास और समाजसेवा हेतु निरन्तर कार्य करते रहेंगे।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534