Jaunpur : ​​ जलजीवन मिशन में भ्रष्टाचार, ठेकेदार फरार

महराजगंज, जौनपुर। स्थानीय विकास खण्ड में जल जीवन मिशन के तहत व्यापक भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। यहां पानी की टंकियां अधूरी हैं। पाइपलाइनें बिछाई नहीं गयी हैं और कई स्थानों पर टोटियां भी नहीं लगी हैं। परियोजना का ठेकेदार काम अधूरा छोड़कर फरार हो गया है। विकास खण्ड के अधिकतर गांवों में स्थिति एक जैसी है। पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कें भी अधूरी छोड़ दी गयी थीं जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। बाद में ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों ने मिलकर इन सड़कों को ठीक कराया। लगभग दो साल बीत चुके हैं लेकिन ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की एक बूंद भी नसीब नहीं हुई है। जल जीवन मिशन का उद्देश्य 2024 तक ग्रामीण भारत के सभी घरों में व्यक्तिगत नल कनेक्शन के माध्यम से सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना था। शासन ने शेष योजनाओं पर तेजी से काम करने और हर गांव के हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिये थे। साथ ही क्वालिटी कंट्रोल पर सख्ती और सभी स्तरों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश भी जारी किये गये थे। गांवों में दम तोड़ रही इस महत्वाकांक्षी योजना के समाधान को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील किया, ताकि जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति शुरू हो सके।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534