Jaunpur : ​ ​श्रीराम कथा में राज्याभिषेक प्रसंग सुनकर भाव-विभोर हुये श्रद्धालु

बदलापुर, जौनपुर। स्थानीय कस्बे के तखागंज में चल रही श्रीराम कथा में शुक्रवार को भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा व्यास उमादास जी महाराज ने बताया कि 14 वर्ष का वनवास पूर्ण कर जब भगवान श्रीराम माता सीता और अनुज लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटे तो पूरी अयोध्या नगरी दीपों से जगमगा उठी और चारों ओर हर्षोल्लास का वातावरण छा गया।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन पर अयोध्यावासियों ने उनका भव्य स्वागत किया। गुरु वशिष्ठ की उपस्थिति में विधि-विधान के साथ भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक संपन्न हुआ। इसके साथ ही अयोध्या में रामराज्य की स्थापना हुई जहां सभी लोग सुखी, समृद्ध और धर्म के मार्ग पर चलने वाले थे। कथा व्यास ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा और आदर्शों का प्रतीक है। यदि मनुष्य उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतार ले तो समाज में शांति और सद्भाव स्थापित हो सकता है। कथा के दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीराम के जयकारों से झूम उठे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में आकर्षक झांकी भी प्रस्तुत की गई जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गये। अंत में आयोजक राजन गुप्ता ने सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कथा का समापन भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर राम कृष्ण चंद यादव, रामसकल यादव, अमरनाथ वर्मा (प्रवक्ता स.ब.ई.का.), आलोक गुप्ता (अध्यापक), नीरज महराज (ज्योतिषाचार्य), सुभाष गुप्ता, रामकिशुन, कमला प्रसाद, जितेंद्र विश्वकर्मा, अंबिका दत्त शुक्ला, मुन्नी लाल साहू, संतोष साहू, चुन्नी लाल साहू, अभयराज, संजय साहू, अजय साहू, अमर, श्याम लाल, मंटू, रोसू, सत्यम, राकेश, मधुर, अमन , हरिश्चंद गुप्ता सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534