Jaunpur : अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कलेक्ट्रेट में हुआ भव्य कार्यक्रम

जौनपुर। अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार में स्वावलम्बन, सुरक्षा और सम्मान पर आधारित "मिशन शक्ति" अभियान के अन्तर्गत भव्य कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष मछलीशहर डा. अजय सिंह उपस्थित रहे।
इस दौरान लखनऊ से आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखते हुये मुख्यमंत्री जी का उद्बोधन सुना गया। पिंक रोजगार महाकुंभ पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी देखी गई। मुख्यमंत्री जी द्वारा वाराणसी मंडल की मातृशक्ति से संवाद भी किया गया।
इसी क्रम में जौनपुर की प्रगतिशील किसान दुर्गा मौर्या से मुख्यमंत्री ने संवाद किया। इस दौरान दुर्गा मौर्या ने बताया कि उनके द्वारा एफपीओ संचालित किया जाता है। साथ ही कृषि विभाग की योजना अंतर्गत मिलेट्स की खेती तथा इससे बने उत्पाद की पैकेजिंग और मार्केटिंग भी की जाती है। उनके द्वारा उद्यान विभाग की योजना अंतर्गत नमकीन सहित अन्य उत्पादों की प्रोसेसिंग की जाती है तथा इसकी भी मार्केटिंग की जाती है। उनके द्वारा स्वयं सहायता का संचालन भी किया जाता है। मुख्यमंत्री ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें अन्य महिलाओं को प्रशिक्षित करने एवं उनके उत्पादों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और विभिन्न योजनाओं की लाभार्थी पल्लवी श्रीवास्तव, परी जायसवाल, अनीता दूबे, दुर्गा मौर्या, साधना खरवाल, मीरा देवी सहित अन्य को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्रम प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया गया। वहीं बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग अंतर्गत मुख्य सेविका के पद पर नवचयनित महिलाओं कल्पना यादव, कुसुम लता, दिव्या सिंह, अंशिता मिश्रा सहित सभी चयनित मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि श्री सिंह ने कहा कि यहां उपस्थित महिलाएं किसी न किसी योजना, कार्यक्रम और रोजगार से जुड़ी हुई है जो महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है। महिलाएं अपना स्वयं का समूह बनाकर अन्य महिलाओं को भी आत्म निर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही है। यही बदलते उत्तर प्रदेश का जीवंत उदाहरण है। हमारी मातृ शक्तियां सशक्त हो रही है। उन्होंने नियुक्ति पत्र पाने वाली नवचयनित मुख्य सेविकाओं को भी शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा से हमारी आधी आबादी, हमारी मातृशक्तियां आत्मनिर्भर बन रही हैं तथा सुरक्षित हैं। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए संचालित "मिशन शक्ति" अभियान तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
"यूपी की नारी, शान हैं हमारी" थीम के अंतर्गत महिलाओं की उपलब्धियों, उनके सामाजिक एवं आर्थिक योगदान तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला गया। मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने उपस्थित सभी सम्मानितजन और मातृशक्ति का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534