खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय नगर पंचायत में सोमवार देर शाम करीब 7 बजे हुई मारपीट और कथित फर्जी हस्ताक्षर के मामले ने मंगलवार को तूल पकड़ लिया। सभासद प्रतिनिधि के साथ मारपीट का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। वहीं बोर्ड बैठक में अनियमितता के आरोपों ने नगर पंचायत को दो गुटों में बांट दिया है।
जानकारी के अनुसार गोला बाजार वार्ड के सभासद प्रतिनिधि अनिल प्रजापति सोमवार देर शाम चौराहे के पास स्थित एक लकड़ी के टाल पर अन्य लोगों के साथ बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान एक सभासद वहां पहुंचा और अचानक अनिल प्रजापति के साथ मारपीट करने लगा। इस दौरान नगर पंचायत का रजिस्टर भी फाड़ दिया गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। मारपीट में अनिल प्रजापति के घायल होने की बात सामने आई है।पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सभासद सतीश यादव के विरुद्ध मारपीट, गाली-गलौज, रजिस्टर फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने इसकी पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि घटना का कारण नगर पंचायत की प्रस्तावित बोर्ड बैठक को लेकर विवाद है। सोमवार को प्रस्तावित बैठक कोरम के अभाव में स्थगित हो गई थी। आरोप है कि इसके बावजूद कुछ लोग नगर पंचायत कार्यालय के बजाय कस्बे में एक आरा मशीन पर गुप्त रूप से बैठक दिखाकर एजेंडा और उपस्थिति रजिस्टर पर फर्जी हस्ताक्षर कर रहे थे।
सूचना मिलने पर अन्य सभासद मौके पर पहुंच गये जिसके बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। दूसरी ओर कुछ सभासदों का आरोप है कि चेयरमैन और अन्य लोगों की मिलीभगत से बिना विधिवत बैठक बुलाए ही कार्यवाही पूरी दिखाने का प्रयास किया जा रहा था। सभासदों ने संबंधित रजिस्टर को अपने कब्जे में लेकर अधिशासी अधिकारी को सूचना दी। मामले को गंभीर मानते हुए सभासदों ने मंगलवार को जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग किया है। चेतावनी दिया कि शीघ्र कार्रवाई न होने पर धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
Tags
Jaunpur
Jaunpur ki news
Jaunpur latest news
jaunpur news
Jaunpur News in Hindi
Jaunpur news live
Jaunpur news today
Jaunpur news today live
recent
today jaunpur news