Jaunpur News : चिंगारी से लगी आग में 4 परिवार की गृहस्थी राख

खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं पीड़ित

सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के पट्टीनरेन्द्रपुर गांव की बस्ती में सोमवार को भूसा बनाने वाली मशीन से निकली चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते 4 गरीब परिवारों के छप्परनुमा घर और पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। जानकारी के अनुसार गांव निवासी शोभनाथ गौड़ के 4 बेटे अच्छे लाल, छोटे लाल, त्रिभुवन और सूरज अलग-अलग छप्पर के मकानों में रहते थे। अचानक मशीन से निकली चिंगारी से एक छप्पर में आग लग गयी जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण करके चारों घरों को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगने के बाद स्थानीय लोगों ने पम्पिंग सेट चलाकर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम के साथ ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। इस हादसे में लगभग 40 क्विंटल गेहूं, 5 क्विंटल सरसों, चावल सहित अन्य खाद्यान्न, साइकिल, चौकी, बिस्तर और दैनिक उपयोग का सारा सामान जलकर खाक हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है और वे खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने को मजबूर हैं। सूचना मिलते ही तहसीलदार आशीष सिंह और लेखपाल रवीन्द्र कुमार मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिये। उन्होंने पीड़ितों को हर सम्भव सहायता का आश्वासन दिया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पीड़ित परिवारों को किसी प्रकार की आर्थिक सहायता उपलब्ध नहीं करायी जा सकी है।

 

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534