Jaunpur News : शार्ट सर्किट से गेहूं की फसल राख, किसान को हुआ भारी नुकसान

मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय तहसील क्षेत्र के कोलवारी स्थित भवानीगंज गांव में शनिवार दोपहर शॉर्ट सर्किट के चलते गेहूं की फसल में भीषण आग लग गई। जानकारी के अनुसार खेत के ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ जिससे निकली चिंगारी नीचे खड़ी और कटी हुई गेहूं की फसल पर गिर गई और आग भड़क उठी।

आग लगते ही आस—पास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने शोर मचाकर अन्य ग्रामीणों को बुलाया और समर्सिबल सहित अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक करीब 7 से 8 बिस्सा जमीन में खड़ी व कटी हुई गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही हल्का लेखपाल शिवम सिंह और नेवढ़िया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। खेत मालिक जमालपुर निवासी किसान ओम प्रकाश ने बताया कि सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने में जुटे। उन्होंने बताया कि चार भाइयों की संयुक्त जमीन में यह फसल लगी थी जिसमें बड़ा नुकसान हुआ है।

इस बाबत पूछे जाने पर लेखपाल शिवम सिंह ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से लगी आग में लगभग 4 से 5 कुंतल गेहूं की फसल का नुकसान हुआ है। नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है, ताकि प्रभावित किसान को सरकारी मुआवजा दिलाया जा सके। घटना के दौरान मौके पर सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे जिन्होंने मिलकर आग पर काबू पाने में सहयोग किया।

 

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534