केराकत, जौनपुर। भारत रत्न डॉ भीम राव अंबेडकर की 135वी जयंती पर सिहौली चौराहे के समीप स्थित सपा पार्टी कार्यालय पर नीरज पहलवान की अध्यक्षता में सपाजनों ने भीम संदेश यात्रा निकाली। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सपा के क्षेत्रीय विधायक तूफानी सरोज ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली केराकत नगर में भ्रमण करते हुए खुज्झी मोड, चंदवक, मुडैला, रतनूपुर, थानागद्दी, पब्लिक इंटर कालेज के रास्ते तहसील कार्यालय होते हुए रैली पार्टी कार्यालय पहुंच एक छोटी सी सभा में तब्दील हो गई। इस मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए श्री सरोज ने कहा कि बाबा साहब के बताए हुए रास्ते और आदर्शों पर चल करके ही एक स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। इस दौरान नीरज पहलवान ने रैली को सफल बनाने वाले पीडीए के सिपाहियों को आई कार्ड बैंज देकर सम्मानित कर आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार के विदाई का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर संजय सरोज, सुरेश यादव, पवन मंडल, रामराज, रामफेर समेत तमाम सपाजन मौजूद रहे।
