खेतासराय, जौनपुर। डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर कस्बे सहित आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में शोभायात्रा एवं विविध कार्यक्रम किये गये। इस दौरान जहां आकर्षक झांकियों और उत्साहपूर्ण जुलूस ने पूरे क्षेत्र को उत्सव में बदल दिया, वहीं सामाजिक संगठनों द्वारा किए गए सेवा कार्यों ने कार्यक्रम को और अधिक सार्थक बना दिया। कस्बे के अम्बेडकर प्रतिमा स्थल से प्रारंभ हुआ जुलूस नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए डाकखाना स्थित बौद्ध विहार तक पहुंचकर सम्पन्न हुआ। इस दौरान झांकियों में बाबा साहब के जीवन, उनके संघर्षों और संविधान निर्माण में उनके योगदान को अत्यंत आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया जिसे देखने के लिए रास्तों के किनारे बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे।
खेतासराय ही नहीं, बल्कि मैनुद्दीनपुर, जमदहां, गोरारी, पाराकमाल, शाहापुर, तरसावा युनूसपुर, मनेछा, सर्वरपुर, रानीमऊ सहित आस—पास के बाजारों में भी भव्य जुलूस निकाले गए। खासकर छोटे बच्चों में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। लोग पटाखे छोड़ते हुए और बाबा साहब के गीतों के साथ अपनी श्रद्धा व्यक्त करते नजर आये।
थाना प्रभारी प्रदीप सिंह पुलिस बल के साथ लगातार गश्त करते रहे जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में चेयरमैन वसीम अहमद, महेंद्र प्रताप, सुनील कुमार, अध्यक्ष हीरा लाल, राम स्वरथ, त्रिलोकी नाथ, जय राम, डॉ. पी.के. गौतम, डॉ. प्यारे लाल गौतम, कुसुम सिंह एडवोकेट, सुभाष चंद्र, डॉ. आनंद कुमार, धर्मेन्द्र कुमार, गौरव दयाल आदि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में जय मां विंध्यवासिनी दुर्गा पूजा समिति ने निःशुल्क प्याऊ (जल वितरण) स्टॉल लगाने की घोषणा किया जो वर्ष 2017 से निरंतर जारी सेवा परंपरा का हिस्सा है। समिति द्वारा यह प्याऊ स्टॉल गोला बाजार मोड़ के समीप स्थापित किया गया जहां से होकर गुजरने वाली शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को शीतल एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया गया। भीषण गर्मी के बीच यह पहल लोगों के लिए राहत और सुकून का माध्यम बनी। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन केवल जल वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवता, समरसता और निःस्वार्थ सेवा भाव का प्रतीक है। यह प्रयास बाबा साहब के समानता, बंधुत्व और मानव कल्याण के आदर्शों से प्रेरित है।
समिति के संरक्षक मनीष धर्मरक्षक ने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को एक-दूसरे के प्रति संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित करते हैं। वहीं अध्यक्ष शांतिभूषण मिश्रा ने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष जनसहयोग से सफल होता रहा है और इस वर्ष भी स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी इसकी सफलता का आधार बनी। भीषण गर्मी में एक गिलास ठंडा पानी भी किसी के लिए अमूल्य होता है और इसी भावना के साथ यह सेवा कार्य किया जा रहा है। समिति ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से इस पुनीत कार्य में सहभागिता की अपील भी किया।
इस अवसर पर संदीप गुप्ता, अमित जायसवाल, पप्पू पटवा, गजेंद्र पांडेय, संजय विश्वकर्मा, जगदंबा प्रसाद पांडेय, कपूर जायसवाल, धर्मचंद्र गुप्ता, परविन मोदनवाल, शेवंटी मोदनवाल, सोनू बिंद, गोलू सोनी, अनूप गुप्ता, आदर्श श्रीवास्तव, अनिल प्रजापति, विक्की गुप्ता, रविंद्र पांडेय आदि उपस्थित रहे।
