कहा: मांगों के समाधान तक नहीं किये जायेंगे शासकीय कार्य
केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र पंचायत कार्यालय परिसर में शुक्रवार को प्रांतीय आह्वान पर ब्लॉक अध्यक्ष विनोद चौहान के नेतृत्व में रोजगार सेवक, एपीओ, लेखा सहायक, तकनीकी सहायक व कम्यूटर सहायक भारी संख्या में एकत्रित होकर लंबित मानदेय व ईपीएफ के ससमय न मिलने पर सांकेतिक कलमबंद हड़ताल करने की चेतावनी देते हुए खण्ड विकास अधिकारी हरिओम गुप्ता को पत्रक सौंपा।
इस बाबत जिला मंत्री अरविंद सिंह ने बताया कि यह सामूहिक निर्णय उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर 25 अप्रैल तक लिया गया है। साथ ही जब तक लंबित समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है तब तक हम लोग आंदोलनरत रहेंगे। इस दौरान किसी भी प्रकार का शासकीय कार्य नहीं किया जायेगा। साथ ही प्रांतीय नेतृत्व के दिशा निर्देश मिलने तक हम लोगों पर कार्य करने के लिए किसी भी प्रकार का दबाव न बनाया जाय।
इस अवसर पर यशवंत कुमार, मनोज कुमार, राजेश यादव, नीलम यादव, पूनम, मीरा, छाया, अर्चना, चंद्रशेखर गिरी, ब्रम्हदेव, राजकुमार समेत भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।
