सरायख्वाजा, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के मेहरावा गांव से एक वृद्ध के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग सका है जिससे परिजनों में चिंता और भय का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार मेहरावां गांव निवासी मोहन यादव (65 वर्ष) बीते एक सप्ताह पहले घर से मल्हनी बाजार जाने के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि वह पैदल ही बाजार के लिए गए थे लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। काफी समय बीतने के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों सहित आस—पास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की लेकिन कहीं भी उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।इस संबंध में मोहन यादव के भतीजे विशाल यादव पुत्र सियाराम यादव ने सरायख्वाजा थाने में प्रार्थना पत्र देकर अपने चाचा की गुमशुदगी दर्ज करने की मांग किया। साथ ही बताया कि परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश में जुटे हैं लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है। परिजनों ने आशंका जताई है कि वृद्ध के साथ कोई अनहोनी भी हो सकती है जिससे परिवार के लोग काफी चिंतित हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर लापता व्यक्ति को खोज निकालने की मांग किया है।
वहीं पुलिस ने प्रार्थना पत्र मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है और लापता वृद्ध की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस की सक्रियता से लापता वृद्ध का पता कब तक चल पाता है और परिवार को राहत मिलती है?
Tags
Jaunpur
Jaunpur latest news
jaunpur live
Jaunpur Live
News
jaunpur news
Jaunpur News in Hindi
JaunpurNews
recent