जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से आयोजित समारोह में सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की मूल भावना को मजबूत करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन नगर के राजा श्रीकृष्ण दत्त इण्टर कालेज के सभागार में किया गया जिसकी अध्यक्षता पूर्व प्रधानाचार्य डा. सत्यराम प्रजापति ने किया।
मुख्य अतिथि ओबीसी महासभा के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष एवं जय संविधान अम्बेडकरवादी मिशनरी एकता के उत्तर प्रदेश प्रभारी आलोक भाई यादव को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और अभिनंदन पत्र देकर सम्मानित किया गया।वहीं श्री यादव ने कहा कि संविधान हमें समानता, न्याय और बन्धुत्व का मार्ग दिखाता है, इसलिए समाज में एकजुटता बनाए रखना आवश्यक है। इस बात पर चिंता व्यक्त किया कि कई बार संविधान में विश्वास रखने वाले लोग भी आपसी विभाजन का शिकार हो जाते हैं जबकि समय की मांग संगठित होकर आगे बढ़ने की है। यह भी कहा कि अब जरूरत इस बात की है कि पंचायत स्तर से ही ऐसे लोगों को आगे बढ़ने का अवसर मिले जो संविधान में विश्वास रखते हों और उसके बताए मूल्यों समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के साथ समाज को आगे ले जाना चाहते हों। ऐसे लोगों की सक्रिय भागीदारी से ही एक बेहतर समाज का निर्माण संभव है और तभी बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सपनों को साकार किया जा सकेगा।
इसी क्रम में अन्य वक्ताओं ने छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता और संघर्ष को तेज करने का आह्वान किया। शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो के संदेश को सामाजिक परिवर्तन का आधार बताते हुये कहा गया कि आने वाले समय में इस उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिये व्यापक स्तर पर लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अनिल यादव ने महात्मा ज्योतिराव फुले, पेरियार, डॉ. भीम राव अंबेडकर और कांशीराम के विचारों का उल्लेख करते हुए समाज में एकता और समरसता की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र सिंह पटेल, प्रदेश मंत्री अंजनी श्रीवास्तव, कम्युनिस्ट नेता उदल यादव, बसपा नेता सलीम खान, अमरनाथ साथी सहित तमाम लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बृजभूषण यादव ने किया। अन्त में माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश मंत्री अंजनी श्रीवास्तव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
Tags
Jaunpur
Jaunpur crime
Jaunpur crime news
Jaunpur ki news
Jaunpur latest news
jaunpur news
Jaunpur News in Hindi
Jaunpur news live
Jaunpur news today
Jaunpur news today live
recent
today jaunpur news