Jaunpur News : जौनपुर में 400 से अधिक बिना परमिट बसें चल रहीं, सड़क सुरक्षा पर बड़ा सवाल

जौनपुर। जिले में बिना परमिट के सैकड़ों निजी और स्कूल बसों के संचालन से सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, जिले में 400 से अधिक और कुल मिलाकर लगभग 480 बसें बिना पंजीकरण या वैध परमिट के सड़कों पर दौड़ रही हैं, जिससे लगातार हादसों की आशंका बनी रहती है। इन अनफिट और बिना अनुमति चलने वाले वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। हालांकि परिवहन विभाग सख्ती के दावे करता है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। इस संबंध में उप संभागीय परिवहन अधिकारी (एडीटीओ) अजीत सिंह ने बताया कि अब जौनपुर के एआरटीओ कार्यालय में ही फिटनेस की सुविधा शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सभी अनफिट वाहन अब निर्धारित शुल्क जमा कर यहीं अपनी फिटनेस करवा सकते हैं, जिससे वाहन मालिकों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी स्कूलों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। यदि स्कूल वाहन समय पर फिटनेस नहीं कराते हैं तो उनका पंजीकरण रद्द किया जा सकता है और उसे दोबारा बहाल नहीं किया जाएगा। साथ ही ऐसे स्कूलों की मान्यता रद्द करने के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, पहले फिटनेस जांच वाराणसी में होती थी, जिससे वाहन संचालकों को परेशानी होती थी। अब परिवहन आयुक्त के आदेश पर यह सुविधा जिले में ही उपलब्ध करा दी गई है। इस मुद्दे पर पूर्व में स्कूल संचालकों की तत्कालीन जिलाधिकारी के साथ बैठक भी हो चुकी है, जिसमें सभी को अपने वाहनों का पंजीकरण, फिटनेस और बीमा दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए थे, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन ने स्कूल संचालकों को चेतावनी दी है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534