कादीपुर निवासी राजनाथ पुत्र देवसरन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह एक दिव्यांग है। वर्ष 2015 में पौना गांव निवासी संतोष यादव पुत्र भुलई यादव ने उसे पार्टनरशिप में दुकान खोलने का झांसा दिया और उससे 80 हजार रुपये ले लिये। रुपये लेने के बाद आरोपी ने न दुकान खोली और न ही आज तक उसके पैसे वापस किये। शनिवार की रात करीब 9 बजे राजनाथ जब चौकिया में यदुवंश स्कूल के पास मौजूद था तभी वहां आरोपी संतोष यादव अपने 3 अज्ञात साथियों के साथ पहुंच गया। पीड़ित ने जब अपने रुपये मांगे तो आरोपियों ने उसे जातिसूचक शब्द से गालियां देते हुये लात-घूसों तथा लोहे की सरिया से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
इस हमले में राजनाथ को गंभीर चोटें आईं जिससे वह वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद दूधनाथ और मनमोहन ने घटना को देखा जिन्होंने तत्काल 112 नम्बर पर फोन करके पुलिस को सूचना दिया। पुलिस ने पीड़ित राजनाथ की तहरीर के आधार पर आरोपी संतोष यादव सहित 3 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर को सौंपी गयी है।
