शाहगंज, जौनपुर। दवा कारोबारियों की विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को प्रस्तावित मेडिकल स्टोर बंदी का शाहगंज नगर में खास असर देखने को नहीं मिला। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में अधिकांश मेडिकल स्टोर खुले रहे और दवाओं की बिक्री सामान्य रूप से जारी रही।
जानकारी के अनुसार दवा व्यापारियों द्वारा जनपद स्तर पर मेडिकल स्टोर बंद रखने का आह्वान किया गया था लेकिन शाहगंज में मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अधिकांश दवा विक्रेताओं ने अपनी दुकानें खुली रखीं। नगर के लगभग सभी प्रमुख मेडिकल स्टोर संचालित रहे जिससे मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
इस संबंध में डेवलपर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रेम नारायण जायसवाल ने बताया कि मरीजों के हित को सर्वोपरि मानते हुए केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की सलाह पर मेडिकल स्टोर खुले रखे गए। व्यापारियों की मांगों का समर्थन जारी रहेगा लेकिन जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया। वहीं नगरवासियों ने भी मेडिकल स्टोर खुले रहने पर राहत महसूस की और दवा विक्रेताओं के इस निर्णय की सराहना किया। लोगों का कहना है कि बंदी से आमजन को परेशानी होती है, इसलिए आवश्यक सेवाओं का जारी रहना बेहद जरूरी है।
