केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में सोमवार की सुबह एक युवक द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक प्रिंस कुमार 20 वर्ष पुत्र राकेश कुमार दो माह पूर्व ही गुजरात से अपने घर वापस आया था और अपने भाइयों तथा दादा-दादी के साथ रहता था। सोमवार की सुबह करीब 11 बजे अपने मकान के दूसरे तल पर संदिग्ध परिस्थितियों में साड़ी के फंदे के सहारे लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और आस—पास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। बता दें कि मृतक तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसके माता-पिता व छोटी बहन रोजी-रोटी के सिलसिले में अमृतसर में रहते हैं। बड़ा भाई गांव में रहकर शादी समारोहों में वीडियोग्राफी का कार्य करता है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
