Jaunpur News :विवाहिता को प्रताड़ित करके घर से निकाला, पति समेत छह पर मुकदमा दर्ज

 

सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के मनवल गांव की एक विवाहिता को कथित रूप से दहेज उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का शिकार बनाकर घर से निकाल देने के मामले में पुलिस ने पति समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सुलतानपुर जनपद के करौदी कला थाना क्षेत्र स्थित शहाबुद्दीनपुर निवासी पतिराम पाल ने क्षेत्राधिकारी शाहगंज को दिये प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उनकी पुत्री उमा पाल का विवाह 28 मई 2026 को मनवल निवासी अखिलेश पाल पुत्र दयाराम पाल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के बाद ससुराल पहुंचने पर पति अखिलेश, सास निर्मला, ससुर दयाराम, जेठ दिलीप पाल, जेठानी रिचा तथा देवर विनोद पाल द्वारा उसे शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

आरोप है कि विवाहिता से जबरन काम कराया जाता था तथा आए दिन मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। एक बार मायके आने पर उसने परिजनों को आपबीती बताई जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास किया गया। इसके बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला।

पीड़िता के पिता के अनुसार 3 जून 2026 की शाम करीब सात बजे आरोपितों ने उनकी पुत्री को चार पहिया वाहन में बैठाकर घर से निकाल दिया और विवाह में मिले उपहार व अन्य सामान अपने कब्जे में ले लिया। आरोप है कि रुधौली बाजार के पास उसे जान से मारने की धमकी देते हुए छोड़ दिया गया। किसी तरह विवाहिता अपने मायके पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी। प्रकरण में क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर सरपतहा पुलिस ने पति, सास-ससुर, जेठ, जेठानी और देवर के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर सभी नामजद आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा अग्रिम कार्रवाई प्रचलित है।


और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534