मड़ियाहूँ ,जौनपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के पिपरा गांव में शुक्रवार को 12 वर्षीय बालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर से कुछ दूर पाया गया। शव को देख परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी सुरेश यादव का 13 वर्षीय पुत्र आयुष यादव जो कि कोतवाली क्षेत्र के नरायनपुर स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था। इन दिनों स्कूल की छुट्टी होने के चलते वह घर आया हुआ था। परिजनों के अनुसार दोपहर 12 बजे तक वह घर पर ही था। इसके बाद इधर-उधर कहीं खेलने चला गया। दोपहर बाद तक उसका पता नहीं चला तो लोग ढूंढने लगे। इस दौरान घर से 200 मीटर दूर एक झाड़ी में उसका शव पाया गया। शरीर पर कुछ जगह चोट के निशान थे। शव को देखकर परिजनों ने पुलिस को सूचना दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस शव को लेकर मामले की जांच पड़ताल में लगी रही। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है अभी तहरीर नही मिली है। मिलने पर उसके अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
