Jaunpur News : नोनारी सब्जी मण्डी में इण्टरलाकिंग निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

शिकायत पर रूकवाया गया कार्य

नेवढ़िया, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के नोनारी सब्जी मण्डी में चल रहे चहारदीवारी व इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय किसानों और ग्रामीणों ने गम्भीर आपत्ति जताई है। उनका आरोप है कि इण्टरलॉकिंग बिछाने के लिये निर्धारित सफेद बालू के स्थान पर मिट्टी का प्रयोग किया जा रहा है। साथ ही मिट्टी में बड़े-बड़े कंकड़ और पत्थर भी मौजूद हैं जिससे निर्माण कार्य की मजबूती प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार यदि इण्टरलॉकिंग के नीचे मानक के अनुरूप बालू का प्रयोग नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में सड़क उखड़ सकती है और मंडी में सब्जी लेकर आने वाले किसानों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। किसानों ने मांग किया कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाय।

मामले की जानकारी मिलने पर अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष लाल बहादुर पटेल एवं राधेश्याम पटेल मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य को रुकवा दिये। इसके बाद उन्होंने मंडी परिषद के जेई जय वर्मा से दूरभाष पर वार्ता करके शिकायत से अवगत कराया। जेई ने बताया कि उन्होंने ठेकेदार मनोज सिंह को कार्य रोकने के निर्देश दे दिया है। निर्माण में गंगा की बालू का प्रयोग किया जायेगा। यह भी आश्वासन दिया कि पहले रोलर चलाकर जमीन को समतल और मजबूत किया जायेगा जिसके बाद ही इण्टरलॉकिंग बिछायी जायेगी। मौके पर कार्य की देख—रेख कर रहे वर्कर मुन्ना यादव भी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि विधायक डा. आर.के. पटेल के प्रयासों से नोनारी सब्जी मंडी में चहारदीवारी एवं इण्टरलॉकिंग का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। किसानों ने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य की नियमित निगरानी और गुणवत्ता की जांच कराने की मांग किया है, ताकि सरकारी धन का सदुपयोग हो और मंडी परिसर में टिकाऊ एवं सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534