चौकियां धाम, जौनपुर। मां शीतला चौकियां धाम में इन दिनों दर्शनार्थियों की भारी भीड़ दर्शन पूजन के लिये उमड़ रही है। वहीं चौकियां धाम की सड़के गली को खोदकर गिट्टी बिछाकर बीते कई दिनों से सड़क निर्माण कार्य को आधा अधूरा सम्बन्धित ठेकेदार द्वारा छोड़ दिया गया है जिससे वर्तमान में आने जाने वाले राहगीरों व दर्शनार्थियों को सड़क मार्ग पर बिछे गिट्टी पर नंगे पांव पैदल दर्शन पूजन करने जाना पड़ रहा है। वहीं बूढ़े—बच्चों को भी पैदल चलने में दिक्कत कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञात हो कि चौकियां धाम मंदिर के सामने चक्की गली बीते 20 दिनों से खोदकर छोड़ दी गई है। वहीं बड़ागर स्कूल के पास से काली माता मंदिर के पहले सड़क मार्ग बनाकर आगे शीतला माता मंदिर मुख्य मार्ग पर गिट्टी बालू सड़क मार्ग गिराकर आधा अधूरा कार्य कर छोड़ दिया है जिससे क्षेत्रीय लोगों के साथ दूर दराज से आने वाले दर्शनाथियों को इन दिनों भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कराने के लिये जिला प्रशासन से मांग किया जिससे आने वाले दिनों में दर्शनार्थियों को दर्शन पूजन करने में किसी भी प्रकार की कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। भक्तों की समस्याओं को देखते हुये महंगूपुर में समाजसेवी युवा विक्की यादव सहित अन्य सहयोगियों ने निःशुल्क प्याऊ की व्यवस्था किया।
