लोक जन सेवा फाउण्डेशन ट्रस्ट एवं विश्व हिन्दू महासंघ ने की सहभागिता
जौनपुर। विश्व रक्तदाता दिवस पर जिला चिकित्सालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम लोक जन सेवा फाउण्डेशन ट्रस्ट एवं विश्व हिन्दू महासंघ भारत के संयुक्त तत्वावधान में हुआ जिसका शुभारम्भ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने किया।
इस दौरान रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान महादान है तथा एक यूनिट रक्त कई लोगों का जीवन बचाने में सहायक सिद्ध हो सकता है। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रक्तदान किया।
इसी क्रम में ट्रस्ट के महासचिव सत्यम प्रजापति ने स्वयं रक्तदान करके उपस्थित लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया। साथ ही कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि रक्तदान से न केवल जरूरतमन्द मरीजों को जीवनदान मिलता है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
शिविर में उपस्थित रक्तदाताओं को रक्तदान के प्रति प्रेरित करते हुये श्री प्रजापति ने अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। वहीं 8 रेजिस्ट्रेशन के साथ 5 लोगों ने रक्तदान करके इस अभियान को सफल भी बनाया। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ताओं, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों सहित तमाम गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
इसके बाद महासचिव सत्यम प्रजापति ने सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र वितरित किया जहां ट्रस्ट के संयोजक डा. अभिषेक मौर्य, कोषाध्यक्ष हर्ष वर्मा, सदस्य अर्पित जायसवाल ने रक्तदान करके सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। अन्त में सभी रक्तदाताओं का सम्मान करते हुये उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुये समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. संजय कनौजिया, ब्लड बैंक प्रभारी डा. सैफ हुसैन खान, हृदय कुशवाहा, आलोक मनी त्रिपाठी, अरुण सिंह, चन्द्र प्रकाश सिंह, दीक्षा राय, शालिनी मौर्य, साकेत प्रधान, अरविन्द यादव, रवि यादव, विवेक रंजन सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
