Jaunpur News : गर्भवती की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, किरण अस्पताल सील


चिकित्सक के पति की गिरफ्तारी के बाद एसडीएम ने पुलिस फोर्स संग की कार्रवाई

खुटहन (जौनपुर), 28 जून। छह माह की गर्भवती महिला की उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहगंज  एसडीएम ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर किरण अस्पताल को सील कर दिया। इससे पहले पुलिस ने मुकदमे में वांछित कथित डाक्टर किरण यादव के पति अरुण यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।


सरपतहा थाना क्षेत्र के पट्टी नरेंद्रपुर गांव निवासी रिंकू माली की छह माह की गर्भवती पत्नी लक्ष्मी की बुधवार रात किरण अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। स्वजनों का आरोप है कि उपचार में लापरवाही बरती गई और नवजात का शव भी उन्हें नहीं सौंपा गया। इस मामले में मृतका के पति की तहरीर पर चिकित्सक व अस्पताल कर्मियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

घटना के बाद लगातार बढ़ते दबाव और पुलिस कार्रवाई के बीच शनिवार को एसडीएम शाहगंज कुणाल गौरव पुलिस फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचे और अस्पताल को सील करा दिया। प्रशासन अब अस्पताल के संचालन संबंधी अभिलेखों और वैधानिक अनुमति की भी जांच कर रहा है। उधर, पुलिस का कहना है कि विवेचना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संचालित अन्य निजी अस्पतालों में भी अफरा तफरी मची हुई है।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534