बक्शा। बक्शा थाना क्षेत्र के मई तिराहे पर स्थित सरकारी कम्पोजिट शराब की दुकान पर कथित ओवररेटिंग का विरोध करने पर एक ग्राहक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घायल ग्राहक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरियावगंज निवासी राजकुमार पाल पुत्र चंचल पाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है बीते 29 जुलाई की रात करीब 8 बजे वह मई तिराहे स्थित सरकारी कम्पोजिट शराब की दुकान से बियर खरीदने गए थे। विक्रेता आशीष सिंह ने एक केन बियर का मूल्य 160 रुपये बताया जबकि उन्होंने इसे निर्धारित मूल्य से अधिक बताते हुए आपत्ति जताई। आरोप है कि विक्रेता ने कहा कि इसी कीमत पर बियर मिलेगी।
पीड़ित का आरोप है कि बियर गर्म होने पर उन्होंने ठंडी बियर या रुपये वापस करने की मांग की। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। तहरीर के अनुसार, विक्रेता ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और कुछ देर बाद दुकान से लोहे की रॉड लेकर बाहर आया। आरोप है कि उसने राजकुमार पाल के सिर पर रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
बक्शा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की लिखित तहरीर के आधार पर आशीष सिंह तथा अज्ञात दुकान मालिक के विरुद्ध अपराध संख्या 403/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352 और 351(3) में मुकदमा दर्ज किया गया है। घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है और मामले की मामले की जांच की जा रही है।
Tags
recent
