Bihar News : भरत भूषण तिवारी के परिवार से मिले अशोक सिंह, न्याय दिलाने का दिया भरोसा


बिलेटी गांव पहुंचकर परिजनों से की मुलाकात, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग

बिहार। समाज विकास क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह भोजपुर जिले के बिलेटी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने कथित पुलिस मुठभेड़ में मारे गए भरत भूषण तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और न्याय की लड़ाई में हर कदम साथ रहने का भरोसा दिलाया।

अशोक सिंह ने भरत भूषण तिवारी के पिता से लंबी बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने परिवार के दुख को साझा करते हुए कहा कि न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। परिजनों से मिलने के बाद वह उस स्थान पर भी पहुंचे, जहां भरत को पुलिस द्वारा गोली मारे जाने का दावा किया जा रहा है। वहां उन्होंने जमनिया गांव के लोगों से मुलाकात कर स्थानीय समस्याओं और भरत द्वारा उठाए गए मुद्दों की जानकारी प्राप्त की।

मीडिया से बातचीत में अशोक सिंह ने कहा कि भरत भूषण तिवारी कोई अपराधी नहीं था, बल्कि गरीबों और वंचितों के अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाला व्यक्ति था। उन्होंने कहा कि हथियार उठाना उचित नहीं है, लेकिन यदि कोई व्यक्ति ऐसी स्थिति तक पहुंचता है तो उसके पीछे व्यवस्था की विफलता भी जिम्मेदार होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भरत द्वारा हथियार डालने के बावजूद उसे घेरकर गोली मार दी गई, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

उन्होंने पूरे प्रकरण की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा उन्हें सख्त सजा दिलाने की मांग की। अशोक सिंह ने कहा कि बिहार में इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना बेहद जरूरी है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि भरत भूषण तिवारी के परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई में वह पूरी मजबूती से उनके साथ खड़े रहेंगे। यदि जरूरत पड़ी तो परिवार के साथ सड़क से लेकर हर मंच तक संघर्ष किया जाएगा। अशोक सिंह की इस मुलाकात से शोकाकुल परिवार को भावनात्मक संबल मिला और उन्होंने भरोसा दिलाया कि न्याय मिलने तक उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534