Jaunpur News : स्कूल चलो अभियान की रैली में शिक्षा का अलख, 15 जुलाई तक और बढ़ेंगे नामांकन


जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शैक्षिक सत्र 2026-27 में अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को टाउन हॉल मैदान से जनपद स्तरीय ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली का भव्य आयोजन किया गया। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली कोतवाली चौराहा, चहारसू, शाही किला और अटाला मस्जिद होते हुए पुनः टाउन हॉल मैदान पहुंचकर संपन्न हुई।

राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि अभियान के प्रथम और द्वितीय चरण में जिले में लगभग 60 हजार नए विद्यार्थियों का नामांकन हो चुका है और 15 जुलाई तक इसमें और वृद्धि की संभावना है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कार देने का आह्वान किया।


जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि सरकार प्राथमिक शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। डीबीटी के माध्यम से विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, जूते, मोजे और अन्य शैक्षिक सामग्री के लिए 1200 रुपये दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बच्चों की नियमित उपस्थिति से उनका भविष्य संवरता है तथा प्रत्येक माह अभिभावकों के साथ संवाद कर बच्चों की शैक्षिक प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने हाथों में तिरंगा और जागरूकता तख्तियां लेकर लोगों से हर बच्चे का विद्यालय में नामांकन कराने और नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534