Jaunpur News : साठ मिनट में 30 बार ट्रिपिंग, उमस में उपभोक्ता बेहाल


दिन भर चलता रहा, ट्रिपिंग का सिलसिला

बरसठी | उमस भरी भीषण गर्मी के बीच स्थानीय विद्युत उपकेंद्र से हो रही बार-बार ट्रिपिंग ने उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले एक सप्ताह से अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण लोगों की रातों की नींद और दिन का सुकून छिन गया है। मंगलवार को हालात इतने खराब रहे कि करीब 60 मिनट में बिजली 30 बार से अधिक सप्लाई ट्रिप हुई। इससे लोगो को घरों से लेकर खेतों तक जनजीवन प्रभावित रहा। गौरतलब हो कि, बीते दिनों हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम में उमस काफी बढ़ गई है। पिछले एक सप्ताह से बारिश नहीं होने और तेज धूप निकलने से गर्मी लोगों पर भारी पड़ रही है। ऐसे में बार-बार बिजली गुल होने से पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बेअसर साबित हो रहे हैं। रात में बार-बार बिजली आने-जाने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है, जबकि दिन में बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे सबसे अधिक परेशान हैं। बिजली की लगातार ट्रिपिंग से घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। इनवर्टर चार्ज नहीं हो पा रहे हैं और बार-बार बिजली आने-जाने से टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखे व अन्य विद्युत उपकरणों के खराब होने का खतरा बना हुआ है। बारिश न होने से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। धान की रोपाई के साथ खेतों में पानी बनाए रखने के लिए अधिकांश किसान बिजली चालित नलकूपों पर निर्भर हैं। लगातार ट्रिपिंग के कारण नलकूप नहीं चल पा रहे हैं, जिससे सिंचाई बाधित हो रही है। किसानों का कहना है कि समय से सिंचाई नहीं होने पर धान की फसल प्रभावित हो सकती है।
इस संबंध में जेई नरेंद्र कुमार ने बताया कि ओवरलोड से बार-बार ट्रिपिंग और वोल्टेज ड्रॉप की समस्या आ रही है। जल्द ही दूर कर विद्युत आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534