जौनपुर, 23 जुलाई। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा ने भारतीय खाद्य निगम के एसडब्ल्यूसी किर्तापुर डिपो का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में जिले में कुल 32,216.016 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है। इसमें से 29,047.94 मीट्रिक टन गेहूं भारतीय खाद्य निगम को भेजा जा चुका है, जबकि 3,168.08 मीट्रिक टन गेहूं अभी भेजा जाना बाकी है।
अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित क्रय संस्थाओं से समन्वय कर शेष गेहूं का शत-प्रतिशत प्रेषण 31 जुलाई 2026 से पहले कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डिपो पर गेहूं उतारने के लिए तीन ट्रक खड़े मिले और 12 श्रमिक मौजूद थे।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अगस्त माह के लिए आवंटित 17,627.05 मीट्रिक टन खाद्यान्न के सापेक्ष अब तक 9,215.10 मीट्रिक टन यानी 52.28 प्रतिशत खाद्यान्न का उठान हो चुका है।
अधिकारियों ने बताया कि आगामी मानसून को देखते हुए अक्टूबर 2026 तक आवंटित खाद्यान्न का अग्रिम उठान 31 अगस्त 2026 तक पूरा किया जाना है। जासोपुर और शिवांगनी वेयर हाउस में पर्याप्त श्रमिक उपलब्ध न होने के कारण उठान और गेहूं उतारने की गति धीमी है।
इस पर अपर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी गोदामों पर पर्याप्त संख्या में श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने और निर्धारित समय सीमा में खाद्यान्न उठान पूरा कराने के निर्देश दिए।
