संत रविदास अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का जौनपुर में स्वागत
जौनपुर। संत रविदास अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का जनप्रतिनिधि या राजनीतिक नेता के बजाय संत रविदास पंथ के अनुयायियों ने आगवानी की। श्रद्धालुओं ने इसे एक नई और सार्थक परंपरा बताते हुए संत रविदास के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
यह ट्रेन अमृतसर स्थित संत रविदास की तपोस्थली छेराहटा और वाराणसी स्थित उनकी जन्मस्थली के बीच संचालित की जा रही है। यह रेल सेवा दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों को सीधे जोड़ती है, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी। साथ ही आम यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा। जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर संत रविदास समाज के लोगों ने पारंपरिक तरीके से ट्रेन का स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे और उन्होंने इस अवसर को ऐतिहासिक बताया। इस मौके पर पलटू राम ने कहा कि यह सरकार की एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक हित में शुरू की गई यह रेल सेवा समाज के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कदम है। उनके अनुसार इस ट्रेन के संचालन से जौनपुर समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों को यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी। श्रद्धालुओं का कहना था कि जिस महापुरुष के नाम पर ट्रेन शुरू की गई है, उसके स्वागत का पहला अधिकार उनके अनुयायियों का ही होना चाहिए। इसी भावना के साथ समाज के लोगों ने स्वयं आगे बढ़कर ट्रेन की अगवानी की।
