Jaunpur News : पेपर लीक पर सपा का हल्ला बोल, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन


सपाइयों ने ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन कर विभिन्न मांगें उठाईं

बरसठी | पेपर लीक, बेरोजगारी, महंगाई, छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज और महिलाओं के साथ कथित बर्बरता के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने शुक्रवार को बरसठी ब्लॉक मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर कार्यकर्ता हाथों में स्लोगन लिखे पोस्टर, तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर ब्लॉक मुख्यालय के गेट से पैदल मार्च करते हुए बीडीओ कार्यालय पहुंचे, जहां धरने पर बैठकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद को सौंपा। ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने, छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की जांच, युवाओं के हितों की रक्षा तथा निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की गई। धरने को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष सूर्यभान यादव ने कहा कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने में विफल रही है और रोजगार देने के बजाय युवाओं की आवाज दबाने का काम कर रही है। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान गांधी लड़े गोरों से, हम समाजवादी लड़ेंगे चोरों से, पेपर लीक बंद करो, धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो तथा जो सरकार निकम्मी है, वह सरकार बदलनी है जैसे नारों से ब्लॉक मुख्यालय गूंजता रहा। कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, युवाओं के हितों की रक्षा तथा सरकार की नीतियों के विरोध में जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर ब्लॉक परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। इस मौके पर विधानसभा उपाध्यक्ष संदीप दुबे 'रोहित', भरत यादव, ब्लॉक अध्यक्ष विवेक यादव, मछलीशहर ब्लॉक अध्यक्ष नन्हेलाल यादव, विधानसभा महासचिव गुलाब बिंद, रामआसरे पटेल, प्रधान राकेश यादव, रविंद्र यादव, रामकुमार दुबे, कनिष्क सिंह समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534