Jaunpur News : बूथ अध्यक्षों की सक्रियता से ही संगठन की जीत सुनिश्चित होगी : विद्यासागर सोनकर


जलालपुर जौनपुर भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुधवार को क्षेत्र स्थित जनहित महाविद्यालय परिसर में विधानसभा जफराबाद के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक एवं मंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सदस्य विधान परिषद विद्यासागर सोनकर ने बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत बूथ संगठन है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष पार्टी की रीढ़ हैं और प्रत्येक कार्यकर्ता यदि अपने बूथ को सशक्त बनाने के संकल्प के साथ कार्य करे तो संगठन की विजय निश्चित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने, नए मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने तथा संगठन द्वारा दिए गए प्रत्येक दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया।

पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से निरंतर मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए प्रत्येक बूथ पर संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देने की आवश्यकता है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से नियमित जनसंपर्क, मतदाता सूची के सतत सत्यापन तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष अतुल कुमार पांडेय ने किया, जिला उपाध्यक्ष रणविजय सिंह ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सीतामणी सोनकर, मोहन राजभर, कमलेश राय, पंकज सिंह, रजनीश चौबे, संतोष मौर्य, सुशील पटेल, अनुपमा राय, अजीत सिंह सहित विधानसभा के सभी बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, मंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534