Jaunpur News : विवाहिता की संदिग्ध मौत मामले में नया मोड़, परिजनों ने बदली तहरीर

शाहगंज, जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र की विवाहिता राशिदा की संदिग्ध मौत के मामले में मंगलवार को नया मोड़ आ गया। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और पुलिस को नया प्रार्थना पत्र सौंपते हुए पहले दी गई तहरीर पर आपत्ति जताई। मृतका के बड़े भाई मोहम्मद हारिश ने कहा कि जानकारी के अभाव में जल्दबाजी में दहेज हत्या की तहरीर दी गई थी। उन्होंने अब पति तथा सास-ससुर को निर्दोष बताते हुए वास्तविक आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले की सूचना पर शाहगंज क्षेत्राधिकारी गिरेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए और राशिदा को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534