Jaunpur News : चार दिन बाद हुई झमाझम बारिश, उमस से राहत

बरसठी | स्थानीय क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में चार दिनों से बारिश न होने के कारण उमस भरी गर्मी से जनजीवन बेहाल हो गया था। सोमवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गरज के साथ करीब आधे घंटे तक हुई झमाझम बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। लगातार बारिश नहीं होने से धान की रोपाई वाले खेतों में नमी कम होने लगी थी। धान समेत अन्य फसलें मुरझाने लगी थीं। वहीं औसत से कम बिजली आपूर्ति के कारण किसान समय पर सिंचाई भी नहीं कर पा रहे थे, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई थी। सोमवार को हुई बारिश ने खेतों को नई संजीवनी दी और किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। खुआवा गांव निवासी उदयभान सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी के कारण दिनचर्या प्रभावित हो गई थी। बारिश होने से मौसम तो सुहावना हुआ ही, खेतों को भी पर्याप्त नमी मिल गई। वहीं किसान आशाराम पांडेय और प्रेम सागर मौर्य ने कहा कि यदि आने वाले दिनों में इसी तरह समय-समय पर हल्की या मध्यम बारिश होती रही तो धान की फसल को पर्याप्त लाभ मिलेगा और सिंचाई पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी बचेगा।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534