Jaunpur News : कांवड़ यात्रा से पहले त्रिलोचन महादेव का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण


जौनपुर। कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुवर अनुपम सिंह ने शुक्रवार को त्रिलोचन महादेव मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, कंट्रोल रूम, यातायात प्रबंधन और चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी को व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग को कांवड़ यात्रा मार्गों की मरम्मत एवं सुचारु स्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, सीओ गोल्डी गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534